नई टिहरी। जिला सभागार, नई टिहरी में संसदीय क्षेत्र टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, पिछली बैठक की कार्यवाही और वर्तमान उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने नवनियुक्त ब्लॉक प्रमुखों का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सकारात्मक सोच के साथ एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए ताकि समाधान समय पर हो सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की निधियों से संचालित योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रमों में सांसदों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए तथा भारत सरकार को भेजे जाने वाले सभी प्रस्ताव एक साथ भेजे जाएं।
बैठक के दौरान जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘ईको फ्रेंडली यूज़ बैग’ लॉन्च किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह बैग जिला पंचायत, नगर पालिका और एनजीओ के माध्यम से होटलों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि पर्यटक अपने उपयोग के बाद कूड़ा इन्हीं बैगों में डालकर वापस कर सकें, जिससे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मजबूत हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि घनसाली क्षेत्र के विनकखाल-गैंवाली मोटर मार्ग एवं पुल निर्माण कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की सूची तैयार करने और आपदा मद से मरम्मत कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए गए। नई टिहरी की आंतरिक सड़कों के सुधारीकरण हेतु उन्हें लोनिवि को हस्तांतरित करने का मुद्दा भी बैठक में उठा, जिस पर डीएम ने बताया कि संसाधनों की कमी के कारण इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
कृषि अधिकारी को किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत विलेज नोडल अधिकारियों की सूची पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
सदस्यों द्वारा बैठक में सड़कों के विस्तारीकरण, चंबा कॉलेज रोड निर्माण, प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल समस्याओं के समाधान, दूरसंचार सेवाओं में सुधार, स्मार्ट क्लास प्रस्तावों की जानकारी, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने और जल जीवन मिशन के कार्यों में प्रधानों को शामिल करने जैसे कई मुद्दे रखे गए।
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्र में सड़कें जीवन रेखा हैं, इसलिए निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को तुरंत ठीक किया जाए। विधायक शक्ति लाल शाह ने सिमली पुल और घुमेटीधार पुल की प्रगति रिपोर्ट मांगी और घनसाली में हनुमान मंदिर पुल के डबल लेन कार्य को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता बताई। विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कोटी कॉलोनी-डोबरा रिंग रोड प्रभावितों को होमस्टे हेतु व्यावसायिक दर देने और लम्बगांव व चमियाला में नई सड़क का सर्वे कराने की मांग रखी।
पीएमजीएसवाई की समीक्षा में बताया गया कि योजना के अंतर्गत 250 से अधिक आबादी वाले ग्रामों के लिए मोटर मार्ग निर्माण की दूरी आधा किलोमीटर तक सीमित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांसद और विधायकों द्वारा उठाए गए मुद्दों का 15 दिन के भीतर निस्तारण कर संबंधितों को सूचित किया जाए।
