नई टिहरी। सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने गुरुवार को न्यू टिहरी प्रेस क्लब में 10 लाख रुपये की सांसद निधि से क्रय किए गए उपकरणों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब और श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधियों ने सांसद को पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
प्रेस क्लब पहुंचने पर पत्रकारों ने सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियोंकृजिलाध्यक्ष बलवीर नेगी, महामंत्री प्रदीप डबराल, उपाध्यक्ष विजय गुसाईं और राजेश डिंयूडी, कोषाध्यक्ष धीरेंद्र भंडारी, सचिव प्रमोद चमोली, ज्योति डोभाल, संप्रेक्षक विजयपाल राणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रघुभाई जड़धारी और गोविंद पुंडीर, जिला कार्यकारिणी सदस्य रोशन थपलियाल, अब्बल चंद रमोला, अंकित मित्तल और मनमोहन रावतकृको शपथ ग्रहण कराई।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई, स्टेट प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष विश्वजीत नेगी, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र शास्त्री और प्रेस क्लब के अध्यक्ष शशि भूषण भट्ट ने संयुक्त रूप से पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है, जो कठिन परिस्थितियों में भी सच्चाई को उजागर करने का कार्य करता है। ऐसे में उसके अधिकारों और हितों की रक्षा समाज और शासन दोनों की जिम्मेदारी है।
