चंबा ब्लॉक में शांतिपूर्ण मतगणना की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

टिहरी। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के अंतर्गत चंबा ब्लॉक में 31 जुलाई को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी खंडेलवाल ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उनका यह दौरा मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने की दिशा में एक अहम कदम रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतगणना कक्षों, स्ट्रॉन्ग रूम, सुरक्षा व्यवस्था और कार्मिकों की तैनाती का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए। हर स्तर पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतगणना के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी की जा रही है ताकि संपूर्ण प्रक्रिया का रिकॉर्ड तैयार किया जा सके और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने तैनात कर्मचारियों से कार्य में पूर्ण निष्ठा, संयम और सत्यनिष्ठा बनाए रखने की अपील की, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *