सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित कांवड़ यात्रा की दुरुस्त करें तैयारीः मुख्य सचिव

 

देहरादून।  राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सोमवार को कांवड़ मेला की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों और कार्यदाई संस्थाओं को कांवड़ मेले के संचालन से संबंधित सभी तैयारियां को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि व्यवस्थित कांवड़ मेले में बाधक बनने वालों (नशे में लिप्त, उत्पात मचाने वालों, हिंसक प्रवृति को बढ़ावा देने वालों) पर सख्ती की जाए तथा मेले के दौरान बड़े डीजे साउंड पर प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने नगर निकायों को नियमित साफ- सफाई, शौचालय व पार्किंग,  जल संस्थान को पेयजल की निर्बाध सप्लाई,  फूड सेफ्टी विभाग को खानपान की चीजों की नियमित देख- रेख,  और पूर्ति विभाग को किसी भी तरह की ओवर  रेटिंग पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि साफ- सफाई, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग इत्यादि में यदि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित विभाग और संबंधित कार्यदाई संस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव ने समय रहते संबंधित कार्यदायी संस्थाओं की बैठक करते हुए उनको  आवश्यक दिशा – निर्देश जारी करने को कहा।  उन्होंने सिंचाई विभाग को विभिन्न स्नान घाटों और पुलों पर बेहतर साफ- सफाई और  जरूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक वी मुरुगेशन,  आयुक्त गढ़वाल मण्डल विनय शंकर पांडेय, महानिरीक्षक के एस नग्नयाल सहित जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, देहरादून, पौढ़ी व टिहरी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *