नई टिहरी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर आगामी 5 जून से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष पौधारोपण अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इस अभियान को लेकर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप टिहरी गढ़वाल वरूणा अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान के क्रियान्वयन को लेकर व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल के सभी मतदान केंद्रों पर यह पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 5 जून, पर्यावरण दिवस से प्रारंभ होकर हरेला पर्व तक जारी रहेगा। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं ईवीएम वेयरहाउस सहित सभी संबंधित कार्यालयों में अधिकारियों की निगरानी में पौधारोपण किया जाएगा, जबकि मतदान केंद्रों पर बीएलओ और उनके पर्यवेक्षक इस कार्य का संचालन करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक पौधे के साथ लगाव का भाव विकसित करने के उद्देश्य से जो भी व्यक्ति पौधा लगाएगा, वह उसकी देखरेख एवं संरक्षण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेगा और इसके लिए शपथ पत्र भरेगा। मतदेय स्थलों पर रोपे गए पौधों की निगरानी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक के जिम्मे होगी।
सुनिश्चित किया गया कि पौधों को समय-समय पर पानी, जैविक खाद दी जाएगी और लगभग डेढ़ महीने के अंतराल पर उनके आसपास की निराई-गुड़ाई की जाएगी, ताकि पौधे सुरक्षित और जीवित रह सकें।
इसके अतिरिक्त, विधानसभा वार सोशल मीडिया पर एक ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें पौधों की बेहतर देखभाल करने वाले नागरिकों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम की वीडियो व फोटोग्राफ्स संबंधित उप जिलाधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय को समय पर उपलब्ध कराएं।
पौधारोपण अभियान से जुड़ेगा मतदाता जागरूकता का संदेश, हरेला तक चलने वाले इस अभियान में हर बूथ पर होगा हरियाली का विस्तार
