गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य में भागीदारी हेतु केमवालगांव पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित।

 

फसल उत्पादन के आंकड़ों से तय होंगी योजनाएं, किसानों को होगा सीधा लाभ

नगदी फसलों के प्रोत्साहन और ग्राम स्तरीय सुविधाओं के उन्नयन पर दिया जोर

नई टिहरी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने  टिहरी जनपद के केमवालगांव (राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र रानीचौरी) का दौरा किया, जहां उनकी उपस्थिति में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य किया गया। यह प्रक्रिया वैज्ञानिक पद्धति से दो खेतों में 30 वर्ग मीटर के प्लॉट बनाकर की गई, जिसमें क्रमशः 11.37 किलो और 7.80 किलो की उपज प्राप्त हुई। दोनों प्रयोग ऑनलाइन ऐप के माध्यम से रिकॉर्ड किए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की नींव होते हैं। इन्हीं के आधार पर फसल बीमा, अनुदान, और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जैसी नीतियां तय की जाती हैं, ताकि किसानों को अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम प्रधान राखी को सुझाव दिया कि गांव में ऐसी नगदी फसलें लगाई जाएं, जिन्हें कम पानी की आवश्यकता हो और जो जंगली जानवरों से भी सुरक्षित रहें। इसके लिए उन्होंने उद्यान विभाग से संपर्क कर उपयुक्त बीज एवं तकनीकी जानकारी लेने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गांव के आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्र को नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया जाए ताकि बच्चों को बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही पंचायत भवन में कंप्यूटर की व्यवस्था कर ग्रामवासियों को डिजिटल सेवाएं देने के लिए भी निर्देशित किया गया।

दौरे में तहसीलदार शाहदाब, सहायक भूलेख अधिकारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी, गांव के किसान और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *