देहरादून के 168 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत 884 स्मार्ट टीवी लगाए जाएंगे

देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत डिजिटल और उन्नत शिक्षण सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक और तकनीक-सक्षम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी लागत लगभग 3.67 करोड़ रुपये है। सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की आपूर्ति पूरी हो चुकी है और इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से जारी है।

इन स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल और डिजिटल पाठ्य सामग्री का उपयोग किया जाएगा, जिससे पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक बनेगी। विद्यार्थियों को दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या और वर्चुअल कक्षाओं जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और समझ में सुधार होगा।

परियोजना के तहत 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराए गए हैं। इस योजना के लिए धनराशि जिला खनन निधि से दी गई है। इससे पहले भी जनपद के सरकारी स्कूलों में लगभग 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से फर्नीचर उपलब्ध कराया जा चुका है।

स्मार्ट टीवी की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से ई-टेंडर प्रक्रिया द्वारा पारदर्शिता के साथ की गई, जिसमें 12 फर्मों ने भाग लिया।

जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और शीघ्र ही सभी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *