देहरादून। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) शंकरपुर द्वारा 30 दिवसीय एलएमवी (लाइट मोटर व्हीकल) ओनर-ड्राइवर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्हें ड्राइविंग कौशल के साथ उद्यमिता और स्वरोजगार संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन ब्लॉक मिशन मैनेजर संगीता मौर्य, ब्लॉक सहसपुर के कोऑर्डिनेटर इंद्र सिंह चौहान तथा आरसेटी निदेशक ओपी पंवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ड्राइविंग कौशल आज के समय में रोजगार का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रशिक्षित युवा न केवल नौकरी प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि स्वयं का परिवहन व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।

आरसेटी निदेशक ओपी पंवार ने बताया कि 10 जून से 9 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को वाहन संचालन की तकनीकी जानकारी के साथ-साथ उद्यमिता विकास, व्यक्तित्व विकास, स्वरोजगार के अवसरों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को अपने व्यवसाय की शुरुआत करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में आरसेटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सभी प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे और प्रशिक्षण को सफल बनाने का संकल्प लिया।
