रुद्रप्रयाग में भाजपा महिला मोर्चा का “बजट पर महिला संवाद” कार्यक्रम आयोजित

रुद्रप्रयाग।   भारतीय जनता पार्टी रुद्रप्रयाग महिला मोर्चा के तत्वावधान में जनपद में “बजट पर महिला संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्यमंत्री  मधु भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत एवं दूरदर्शी बजट है।

उन्होंने बताया कि बजट में महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहयोग, ग्रामीण आजीविका मिशन तथा मातृ-बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन प्रावधानों से ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आशा नौटियाल ने कहा कि यह बजट महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बजट के प्रावधान प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेंगे।

जिला प्रभारी सतीष लखेड़ा ने कहा कि महिला केंद्रित योजनाओं के माध्यम से सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों और ग्रामीण महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों से गांव-गांव तक आर्थिक मजबूती पहुंचेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी ने कहा कि महिला मोर्चा निरंतर महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक महिला तक उसका अधिकार और योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

कार्यक्रम में जनपद रुद्रप्रयाग की लगभग 250 महिलाओं ने सहभागिता की। इनमें ग्राम प्रधान, महिला मंगल दल, स्वयं सहायता समूह, आशा कार्यकर्ती, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *