20 नवंबर तक चलेगा ऐतिहासिक राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
चमोली। जनपद चमोली का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला इस वर्ष 14 से 20 नवंबर 2026 तक गौचर मेला मैदान में आयोजित होगा। मेले को भव्य, आकर्षक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले में स्थानीय उद्यमिता, हस्तशिल्प, लोकसंस्कृति और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं समितियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

नए लोगो, शुभंकर और आकर्षक मंच होंगे खास
बैठक में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने मेले की तैयारियों और इस वर्ष किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले का नया लोगो एवं शुभंकर तैयार किया गया है। इसके अलावा मेला मैदान का नया लेआउट, आकर्षक मंच, बेहतर लाइट एवं साउंड व्यवस्था, मिनी मेला मार्केट, सेल्फी प्वाइंट और स्मृति चिह्नों की व्यवस्था की जा रही है।
मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई वेबसाइट भी तैयार की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आगंतुक को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक गतिविधियां विकसित करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने और वाटर एटीएम स्थापित करने को कहा गया।
इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग सुनिश्चित करने तथा मेले में आयोजित होने वाली गोष्ठियों को स्थानीय विकास, उद्यमिता और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।
यातायात और सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
मेले के दौरान यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्य बाजार एवं पार्किंग स्थलों पर यातायात नियंत्रण के लिए व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके अलावा अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने के साथ पर्याप्त पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की जाएगी। मेले को नशामुक्त बनाए रखने के लिए भी प्रभावी निगरानी की जाएगी।
आगंतुकों की सुविधा के लिए निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, अतिरिक्त वाटर टैंकर, अग्निशमन वाहन, सफाई कर्मियों, कूड़ा वाहनों और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

विभिन्न समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मेले के सफल आयोजन के लिए स्वागत, शांति व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, उद्योग एवं विकास प्रदर्शनी, खेलकूद, यातायात, पेयजल, विद्युत और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। बैठक में विभिन्न हितधारकों से प्राप्त सुझावों को भी मेले की कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.gaucharmela.in के साथ ही गौचर मेले के आधिकारिक फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पेज पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित अन्य अतिथियों ने 74वें गौचर मेले के नए लोगो का अनावरण किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गौचर संदीप नेगी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेले से जुड़े हितधारक मौजूद रहे।
