नई टिहरी। नौ दिवसीय 49वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का मंगलवार रात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। मेले में स्थानीय कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं मेला समिति द्वारा आयोजित लकी ड्रा में युवराज कैंतुरा के नाम स्कूटी निकली। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुल 32 पुरस्कार वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने समापन समारोह में शिरकत की। उन्होंने विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उन्हें शॉल और पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट की। मंत्री उनियाल ने कहा कि श्री कुंजापुरी मेला टिहरी जनपद का सबसे पुराना और ऐतिहासिक मेला है, जिसने नरेंद्रनगर को विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने मेला समिति की उत्कृष्ट आयोजन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि आगामी वर्ष में आयोजित होने वाला 50वां “स्वर्ण जयंती” मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
समापन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य, कविता पाठ, बीट बॉक्सिंग, हास्य प्रतियोगिता और गढ़वाली-कुमाऊनी के साथ-साथ बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायन में राहुल कृषाली, सुनीता और सागर कृषाली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि नृत्य वर्ग में शांति राणा, श्रेष्ठ और शशि रावत ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया।
राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में दिनेश चंद्र पठोई ने प्रथम, पारस गोदियाल ने द्वितीय और कैलाश चंद्र आर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में साक्षी राणा प्रथम, शालिनी द्वितीय और निकिता तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. हिमांशु जोशी, डॉ. संजय मेहर और पुष्पा राणा ने अपनी भूमिका निभाई।
