रूद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान उत्पन्न अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को लेकर केदारधाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी प्रतीक जैन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सड़क, विद्युत, पेयजल, सफाई, पार्किंग और यात्रा रजिस्ट्रेशन जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की। विशेष रूप से, यात्रा काल में हो रही अनियमित विद्युत कटौती रोकने, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा कूड़ा निस्तारण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने की बात कही गई।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने आश्वस्त किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेश नौटियाल और सचिव मनोज सेमवाल ने बताया कि ज्ञापन में गौरीकुंड हाईवे के डेंजर जोन पर कार्य में तेजी लाने, सड़क पर गड्ढों की मरम्मत और ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन केंद्र संचालित करने की मांग भी शामिल है।
