Your Website Description

हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों को समय पर पूरा करें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: सतपाल महाराज

कुंभ क्षेत्र में यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा; निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर

हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार कुंभ-2027 के भव्य और दिव्य आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ हरिद्वारवासियों को पूरे वर्ष मिलना चाहिए।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

सतपाल महाराज ने कहा कि संभावित श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए पिछले कुंभ आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना बनाकर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन संबंधी जानकारी समय से मिल सके।

उन्होंने भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने या अन्य व्यवस्थाओं में अचानक बदलाव से बचने पर जोर दिया। आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर उनकी समुचित व्यवस्था करने को भी कहा।

पार्किंग स्थलों और अस्थायी बस अड्डों से प्रमुख घाटों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए शटल बस सेवा संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों, घाटों और पुलों की गुणवत्ता की होगी जांच

कैबिनेट मंत्री ने कुंभ क्षेत्र की सड़कों तथा मंदिरों और घाटों तक जाने वाले मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अंतर्गत आने वाली सड़कों को भी सुचारु और आवागमन के अनुकूल बनाए रखने को कहा।

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की प्रभावी जांच के साथ रोपवे की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध कराए जाएं।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और पेयजल पर फोकस

सतपाल महाराज ने कुंभ क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अस्पतालों, एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सके।

स्वच्छता व्यवस्था के तहत कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज निस्तारण और पर्याप्त संख्या में साफ-सुथरे शौचालय उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। शौचालयों की नियमित सफाई और पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी, पानी की टंकियों की समय पर सफाई और जल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति और दूरसंचार सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

धार्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ-2027 उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों, पुलों और घाटों को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सजावट, अग्रभाग सुधार और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। साधु-संतों की शोभायात्राओं के दौरान पुष्पवर्षा, स्वागत और अभिनंदन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मेला अधिकारी ने दी तैयारियों की जानकारी

बैठक में मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरि, एचआरडीए सचिव प्रत्युष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टिहरी गढ़वाल की पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेंद्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल फिंचा राम चौहान सहित देहरादून, पौड़ी और टिहरी जनपदों के अधिकारियों ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *