हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का विशेष संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पांच कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर सम्मानित किया तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन कर स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर स्वयं भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का उद्देश्य प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बताते हुए कहा कि अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों, पर्यावरण मित्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया।
