किसानों के हित में लगातार ठोस कदम उठा रही धामी सरकार : जोशी

 

देहरादून ।  प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस मौके पर कहा कि राज्य की 670 न्याय पंचायतों में चल रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत अब तक कुल 486 कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इस दौरान 325 न्याय पंचायतों को कवर किया गया है। कृषि मंत्री जोशी ने बताया कि इन कार्यक्रमों में अब तक 53,219 किसान एवं ग्रामीण शामिल हो चुके हैं। कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, योजनाओं एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक करना है, जिससे प्रदेश की कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाया जा सके। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार ठोस कदम उठा रही है। कृषि और बागवानी में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने मिलेट्स पॉलिसी, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट खेती योजना और सेब उत्पादन योजना जैसी महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की है। इन नीतियों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के किसानों को अधिकतम लाभ मिलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि सेब तुड़ाई उपरांत प्रबंधन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2031-32 तक कुल 129.97 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत 22 सीए स्टोरेज और 180 सार्टिंग-ग्रेडिंग इकाइयों की स्थापना की जाएगी। यह योजना प्रदेश के 11 पर्वतीय जनपदों के 76 विकासखण्डों में संचालित की जाएगी, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के सेब उत्पादकों को व्यापक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *