रुद्रप्रयाग। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण कुछ समय तक अपेक्षाकृत शांत रहे विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। मौसम में सुधार होते ही पवित्र सावन माह के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन और जलाभिषेक के लिए धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद से केदारपुरी फिर से भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई है।
हालांकि धाम में बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी है और पूरी केदारपुरी घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई है, लेकिन खराब मौसम भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर पा रहा है। मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर भक्तों की चहल-पहल लगातार बढ़ रही है। बाबा केदार के जयघोष से पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें बाबा केदार के दर्शन का सौभाग्य मिला है। सावन माह में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक और दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण बीच-बीच में कुछ व्यवधान जरूर आए, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति, जिला प्रशासन और शासन आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।
सावन के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर यह संदेश दे रही है कि विपरीत परिस्थितियां भी बाबा केदार के भक्तों के अटूट विश्वास को डिगा नहीं सकतीं। मौसम साफ होते ही केदारपुरी एक बार फिर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठी है और पूरा धाम शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है।
