रुड़की। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से प्रेस क्लब रुड़की समिति की ओर से शनिवार को कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा कांवड़ यात्रियों को हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और भाईचारे का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और प्रशासन यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही प्रेस क्लब रुड़की की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ समाजसेवा भी पत्रकारों का दायित्व है। उन्होंने बताया कि शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। महासचिव अश्विनी उपाध्याय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, भंडारा संचालन समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
