श्रीदेव सुमन की शहादत दिवस और हरेला पर्व पर बुल्लावाला स्कूल में 400 पौधों का रोपण, भाजपा नेता ने स्कूल गोद लेने की घोषणा

 

 

डोईवाला। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के शहादत दिवस और हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बुल्लावाला में शनिवार को वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में फलदार और अन्य प्रजातियों के करीब 400 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर भाजपा नेता दीप्ति रावत ने विद्यालय को गोद लेने की घोषणा करते हुए शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास का भरोसा दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा महामंत्री दीप्ति रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी उपस्थित लोगों ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने उत्तराखंड के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज और पर्यावरण की सेवा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है और सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

भाजपा नेता दीप्ति रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। उन्होंने विद्यालय को गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि स्कूल में जिन सुविधाओं की कमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्र प्रकाश पाल ने कहा कि हरेला और शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित पौधरोपण अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों से भी जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और शहीद श्रीदेव सुमन के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शिवानी, भाजपा नेता राजपाल रावत, चंद्रभान पाल, राजकुमार, मंगल रौथाण, वार्ड सदस्य बसारत अली, मनोज काम्बोज, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अंसारी, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू पाल, नील लता, स्कूल प्रबंधन समिति की आशिया परवीन, तबस्सुम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *