देहरादून। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी साइंस सिटी देहरादून परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर बताया है कि परियोजना के लिए जरूरी 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में से केंद्र सरकार 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देगी।
60:40 के अनुपात में खर्च होगा पैसा
जानकारी के अनुसार कुल 39 करोड़ की गैप फंडिंग में से संस्कृति मंत्रालय का हिस्सा लगभग 14 करोड़ रुपये और उत्तराखंड सरकार / यूकोस्ट का हिस्सा लगभग 25 करोड़ रुपये होगा।केंद्रीय मंत्री ने पत्र में बताया कि समीक्षा बैठक के बाद मंत्रालय ने 14 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि को केंद्रीय शेयर के रूप में वहन करने का फैसला लिया है। यह राशि नए और जरूरी घटकों की लागत के लिए है और इसे मूल परियोजना की तरह ही 60:40 के अनुपात में राज्य सरकार के साथ साझा किया जाएगा।
CM धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी प्रदेश के छात्रों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए आधुनिक ज्ञान और नवाचार का बड़ा केंद्र बनेगी।




