शिवालिक एकेडमी में अभिभावक-शिक्षक बैठक एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

 

सेलाकुई। शिवालिक एकेडमी में शनिवार को एलकेजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यूनिट टेस्ट के पश्चात अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार एवं अन्य गतिविधियों में उनकी प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराना तथा विद्यार्थियों के बेहतर विकास के लिए शिक्षक एवं अभिभावकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना था।

इस अवसर पर शिक्षकों ने अभिभावकों से विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति, नियमितता, कक्षा में सहभागिता एवं व्यवहार को लेकर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों की कमियों को दूर करने तथा उनकी अच्छी आदतों को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों के सीखने, व्यवहार एवं रचनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई, जबकि वरिष्ठ कक्षाओं में विषयवार प्रदर्शन एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया।

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

अभिभावक-शिक्षक बैठक के साथ विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। यह शिविर स्वस्ति केयर मेडिकल सेंटर एवं लैबक्वेस्ट डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से आयोजित हुआ।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं ब्लड ग्रुप की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रही। इनमें डॉ. पुनीत त्यागी, सामान्य, लेजर एवं दूरबीन द्वारा शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ; डॉ. स्तुति त्यागी, वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा डॉ. अनिल सिंह, सामान्य चिकित्सक शामिल रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावक-शिक्षक संवाद के साथ स्वास्थ्य जांच जैसी उपयोगी पहल को विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *