विकासनगर। सनातन धर्म सभा, विकासनगर के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत नगर में श्री ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत सनातन धर्म मंदिर से हुई। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के साथ भगवान राम, शिव सहित देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। कान्हा को झूला झुलाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए।
सुबह से ही मंदिर में हवन-यज्ञ एवं अनुष्ठान किए गए। दोपहर दो बजे मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। शाम 3:30 बजे श्री ठाकुरजी को पालकी में विराजमान कर शोभायात्रा रवाना की गई।
शोभायात्रा 28 फीट रोड, एक्सचेंज रोड, लक्ष्मणपुर चौक, पेट्रोल पंप, सिनेमा गली, चौक बाजार, गीता भवन और मंडी चौक होते हुए सनातन धर्म मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद रात करीब 10 बजे शोभायात्रा वापस श्री सनातन धर्म मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा में शामिल अनेक बैंडों की भक्तिमय धुनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पालकी के आगे श्रद्धालु भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरे नगर में जय श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
