देहरादून।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने उपनल कर्मियों और विभागों के बीच अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) की प्रक्रिया तीन दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में अनुबंध पूरा नहीं होने पर संबंधित विभागाध्यक्ष के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कर्मचारियों के पदोन्नति (प्रमोशन) और वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पदोन्नति संबंधी शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून 2027 तक पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अगले एक माह के भीतर प्रारंभ की जाए। साथ ही, एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा कर निर्धारित समयसीमा में एसीआर प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा।
मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसे उद्यान विभाग तथा अन्य लाभार्थी-आधारित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, संभावनाओं का आकलन करने और संबंधित विभागों के साथ सीबीडीसी विषय पर कार्यशाला आयोजित करने को कहा।
