देहरादून। भारी वर्षा के कारण मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत पूरी कर मार्ग को पुनः आवागमन के लिए खोल दिया। मार्ग बहाल होने से स्थानीय लोगों को राहत मिली और आवश्यक सेवाओं का संचालन सामान्य हो गया। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुल, एप्रोच रोड और संबंधित निर्माण कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जांच में लापरवाही या निर्माण मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 12 घंटे के भीतर मार्ग बहाल होने से लोगों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली का उदाहरण बताया।
