मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाला पर 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण

 

 

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल जनपद के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

 

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम भी पूछी।

 

शेर नाला पर नवनिर्मित पुल का लोकार्पण

 

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

 

शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। तेज बारिश के दौरान नाला उफान पर आने से मार्ग बाधित हो जाता था, जिसके चलते स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

 

नवनिर्मित डबल लेन पुल के शुरू होने से अब क्षेत्र में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

 

पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *