पुलिस लाइन में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, CM धामी ने कलाकारों को किया सम्मानित

देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुलिस लाइन परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री धामी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।

युवा पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और धार्मिक विरासत समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उपदेशों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है।

गीता का कर्मयोग संदेश आज भी प्रासंगिक: CM धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में  गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *