देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन सहित विभिन्न विभागों की लगभग 6940 करोड़ रुपये लागत वाली 12 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की समीक्षा मुख्यमंत्री स्तर पर प्रत्येक माह तथा मुख्य सचिव स्तर पर प्रत्येक 10 दिन में की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री ने भूमि हस्तांतरण, वन एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों, भूमि अधिग्रहण तथा क्षतिपूर्ति भुगतान से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, बनबसा एवं रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र, चारधाम सड़क परियोजना, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क परियोजना तथा हरिद्वार और काशीपुर क्षेत्र की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की सड़क परियोजनाएं, विद्युत अवसंरचना और परिवहन सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करने और अपेक्षित प्रगति न होने पर विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सभी विभागों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
