डोईवाला। परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी की प्रथम बैठक डोईवाला ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डोईवाला ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव गौरव सिंह ने की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और संगठन की आगामी गतिविधियों, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला कार्यकारिणी में शामिल सभी साथियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पदाधिकारियों से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने की अपील की।
कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा जनता के हितों के लिए समर्पित रहे हैं। नई जिला कार्यकारिणी के गठन से कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह है। उन्होंने सभी से मिलकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक के पश्चात पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन तथा ऋषिकेश में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से मां-बेटी की मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव गौरव सिंह, कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा एवं नीरज त्यागी, पीआईसी प्रबंधक मनोज नौटियाल, प्रदेश सचिव राकेश सिंह, डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ऋषिकेश कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजिंदर सिंह ताज सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
