हॉस्पिटैलिटी और तकनीकी क्षेत्रों में 3 से 4 महीने की ट्रेनिंग, युवतियों को मुफ्त आवास की सुविधा; प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट में भी मिलेगी मदद
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के तहत देहरादून में 15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियों को विभिन्न हॉस्पिटैलिटी एवं तकनीकी क्षेत्रों में तीन से चार महीने का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खास बात यह है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से इस योजना के तहत विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में 650 से अधिक सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें हॉस्पिटैलिटी, सप्लाई चेन और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े रोजगारपरक पाठ्यक्रम शामिल हैं।

आईएचएम देहरादून में हॉस्पिटैलिटी के कोर्स
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून में युवाओं को हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े दो प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 सीटें और फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को होटल एवं पर्यटन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव की ट्रेनिंग
दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 युवक-युवतियों के लिए सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। इस पाठ्यक्रम के तहत युवाओं को सप्लाई चेन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
सहसपुर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तकनीकी प्रशिक्षण
सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास एवं आईटीआई योग्यताधारी युवक-युवतियों के लिए तकनीकी क्षेत्र के दो पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) के 40 सीटों के बैच और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40 सीटों के बैच शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ प्लेसमेंट में भी मिलेगी सहायता
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत 15 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। आईएचएम देहरादून में फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट एवं हाउसकीपिंग असिस्टेंट, दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव तथा सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सोलर पीवी इंस्टॉलर और असिस्टेंट मैकेनिस्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को प्लेसमेंट एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी।
पंजीकरण एवं जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
इच्छुक युवक-युवतियां संबंधित पाठ्यक्रमों में पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
- हॉस्पिटैलिटी कोर्स (आईएचएम देहरादून): 9410394201
- सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव (दून विश्वविद्यालय): 7618222334
- तकनीकी कोर्स (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सहसपुर): 9870835117
इस पहल से देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कम समय में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स और तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिले
