तिलवाड़ा में मलबा आने से बाधित हुआ केदारनाथ हाईवे, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर बहाल कराया मार्ग

 

रुद्रप्रयाग।
जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह तिलवाड़ा क्षेत्र में नगर पंचायत शौचालय के समीप बरसाती नाले से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने संयुक्त रूप से राहत एवं मार्ग बहाली अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाकर कुछ ही समय में राजमार्ग को पुनः यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं मार्ग बहाली कार्यों की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थल पर मशीनरी और आवश्यक मानव संसाधन की निरंतर तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात बाधित न होने पाए।

जिलाधिकारी ने बरसाती नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी आकलन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में मलबा आने की आशंका है तो विस्तृत सर्वेक्षण कर फोटोग्राफ सहित तकनीकी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि स्थायी सुरक्षा और उपचारात्मक उपाय समयबद्ध तरीके से लागू किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि तिलवाड़ा क्षेत्र श्री केदारनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में इस मार्ग की नियमित निगरानी, समय पर रखरखाव और त्वरित बहाली जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही वर्षाकाल के दौरान सभी भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक मशीनरी और संसाधन हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मानसून के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और मार्गों को यथाशीघ्र सुचारु किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों, यात्रियों और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि लगातार हो रही वर्षा के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *