चम्पावत की सीएम घोषणाओं में तेजी के निर्देश, गोल्ज्यू कॉरिडोर व जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना को मिली रफ्तार

देहरादून। प्रमुख सचिव (वित्त) रमेश कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागाध्यक्षों को साप्ताहिक और विभागीय सचिवों को प्रत्येक 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने तथा विभागीय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वर्ष 2021 से लंबित घोषणाओं की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही जिन मामलों में घोषणाओं का समायोजन या विलोपन किया जाना है, उनकी प्रक्रिया विभागों के समन्वय से जल्द पूरी कर घोषणा सेल को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोलू देवता, घोड़ाखाल और चितई को जोड़कर प्रस्तावित विशेष गोल्ज्यू कॉरिडोर को व्यय वित्त समिति की संस्तुति और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। प्रमुख सचिव ने इस संबंध में पत्रावली तत्काल वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए। वहीं चम्पावत में प्रस्तावित जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में अब लोनिवि के स्थान पर ब्रिडकुल को नामित किया गया है। इसके लिए शीघ्र शासनादेश जारी करने और एक सप्ताह के भीतर डीपीआर प्रस्तुत करने को कहा गया। चूका ट्रेक रूट के सुदृढ़ीकरण का कार्य आंशिक रूप से पूरा होने की भी जानकारी दी गई।

बैठक में चम्पावत नगर की सीवर लाइन का यूयूएसडीए के साथ परीक्षण कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में खेल मैदान विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने, हनुमान मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण तथा नारियाल गांव में एबीसी सेंटर (श्वान बंधियाकरण केंद्र) की स्थापना से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना का कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। पारेषण लाइन के लिए आवश्यक वन भूमि को गैर-वानिकी उपयोग में परिवर्तित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *