Your Website Description

गुरु नानक देव जयंती और कार्तिक पूर्णिमा पर CM धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, प्रेम और भाईचारे का दिया संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री गुरु नानक देव जी की जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम, समानता और परोपकार का महान संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को दूर कर मानव मात्र की समानता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी मानव जीवन को सार्थक दिशा प्रदान करते हैं। उनकी शिक्षाएं समाज में एकता, समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन हमें निःस्वार्थ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव रखने की सीख देता है। वर्तमान समय में भी उनके विचार और आदर्श समाज को सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे श्री गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा एवं भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लें।

उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व को आध्यात्मिक चेतना, पुण्य, दान और सेवा के भाव के साथ मनाने का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *