Your Website Description

उत्तरकाशी में पहली बार होगा पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, पांच कन्याओं का कराया जाएगा विवाह

18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, 41 विद्वान आचार्यों के सानिध्य में दी जाएंगी 1.60 लाख आहुतियां; निशुल्क स्वास्थ्य और नशामुक्ति शिविर भी होंगे आयोजित

उत्तरकाशी। धार्मिक नगरी उत्तरकाशी में पहली बार श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान में जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 1.60 लाख आहुतियां समर्पित की जाएंगी, वहीं धर्म और सामाजिक सेवा का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन समिति की ओर से पांच कन्याओं का विवाह संपन्न कराने की भी तैयारी की गई है।

मंगलवार को हनुमान मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष सूरत राम नौटियाल ने बताया कि महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के मुख्य वक्ता परम पूज्य आचार्य सूर्यकांत बलूनी होंगे, जबकि केदार मंदिर उत्तरकाशी के महंत वैष्णो आचार्य राघवेंद्र महाराज महायज्ञ की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि विश्व शांति और उत्तरकाशी की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ विशेष वैदिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

41 आचार्य और 51 यजमान करेंगे महायज्ञ

महायज्ञ में 41 विद्वान आचार्यों के सानिध्य में 51 यजमान शुद्ध गाय के घी और हिमालय की दुर्लभ जड़ी-बूटियों से हवन करेंगे। सात दिनों के दौरान कुल एक लाख 60 हजार आहुतियां समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बदरी गाय का प्रतिदिन पूजन, गंगा आरती, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और नगर में प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। साधु-संतों के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

धर्म के साथ सेवा और नशामुक्ति का संदेश

आयोजन समिति ने महायज्ञ को केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ने की पहल की है। इसके तहत बलूनी अस्पताल देहरादून की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। वहीं युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता शिविर भी आयोजित होगा।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने बताया कि आयोजन में जनपद की विभिन्न देवडोलियों के साथ पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों से साधु-संतों और महात्माओं का समागम होगा। महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह है। उन्होंने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की।

पत्रकार वार्ता के दौरान राघवानंद महाराज, रामगोपाल पैन्यूली, महावीर गंगाड़ी, विजय सेमवाल, अजय बडोला, भूपेश कुड़ियाल और माधव शास्त्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *