Your Website Description

अधोईवाला आश्रम पद्धति विद्यालय को मिली 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात, मंत्री खजानदास ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री खजानदास और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ, छात्रावास का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने आज रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने की।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजानदास निरंतर प्रदेश की समस्याओं के समाधान और जनकल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से आज क्षेत्र में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास संभव हो पाया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप अधोईवाला आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास तथा 44.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर में 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चाहरदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास मरम्मत एवं साज-सज्जा सहित नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पेंशन, छात्रवृत्ति एवं अन्य सरकारी अनुदानों का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अधोईवाला आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा लगातार उठाई जा रही थी। विधायक के निरंतर प्रयासों और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप आज क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।

छात्रावास का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सुथरे बिस्तरों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मंत्री ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *