नई टिहरी। जनपद मुख्यालय नई टिहरी स्थित विकास भवन में बुधवार को सतत विकास लक्ष्य (SDGs), पीएम गतिशक्ति और विजन 2047 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में सीपीपीजी नियोजन विभाग के एसडीजी विशेषज्ञ शैलेन्द्र कुमार ने सतत विकास लक्ष्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने पीपीटी और विभागीय पोर्टल के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों द्वारा की गई प्रगति की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद टिहरी गढ़वाल ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पिछले वर्ष की तुलना में दो स्थानों की छलांग लगाई है और रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि का श्रेय जिले के कुछ विभागों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को दिया गया।
योजनाओं की निगरानी पर जोर
पीएम गतिशक्ति विशेषज्ञ ऐश्वर्या अवनीश ने योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि विभागीय योजनाओं को पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड कर उनकी निरंतर निगरानी की जा सकती है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर डाटा साझा करने की सलाह दी, ताकि विकास योजनाओं को कम समय में सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा सके और कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित हो।
कार्यशाला में अधिकारियों ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर सहमति जताई।
