उल्लंघन करने पर सामाजिक बहिष्कार और ₹11 से ₹21 हजार तक का जुर्माना
नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी रैका के भेनगी गांव में नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। देवभूमि नशामुक्त जनमोर्चा के संयोजक देवी सिंह पंवार के नेतृत्व में सोमवार को गांव के देव स्थल — सिलुंगा देवता प्रांगण में एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांव को पूर्ण रूप से शराबमुक्त बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष रीता खरोला और युवक मंगल दल के अध्यक्ष परमवीर पोखरियाल ने संयुक्त रूप से की। बैठक में उपस्थित ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आज के बाद भेनगी गांव में कोई भी व्यक्ति मेंहदी, शादी-विवाह या अन्य किसी भी मांगलिक कार्यक्रम में शराब का सेवन या वितरण नहीं करेगा।
साथ ही यह भी तय किया गया कि जो भी व्यक्ति या परिवार इस नियम का उल्लंघन करेगा, उसका गांव से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा और सामूहिक बैठक कर उसे ₹11,000 से ₹21,000 तक का नगद आर्थिक दंड दिया जाएगा।
जनमोर्चा के संयोजक देवी सिंह पंवार ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि नशा हमारी युवा पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में फैल रही नशे की प्रवृत्ति को समय रहते रोकना बेहद जरूरी है, ताकि अगली पीढ़ी एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण कर सके।
बैठक में रामदेव कलूड़ा, विजयलक्ष्मी देवी, विनीता देवी, सुभाष चंद्र रमोला, बेताल सिंह पंवार, बीरेंद्र खरोला, हरपाल सिंह, धनपाल सिंह, जगवीर सिंह सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस सामूहिक निर्णय को ग्राम समाज के लिए एक प्रेरणादायी पहल बताया और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।
भेनगी गांव का यह निर्णय न केवल क्षेत्र के लिए बल्कि संपूर्ण देवभूमि के लिए एक उदाहरण बन सकता है कि कैसे सामाजिक चेतना और सामूहिक इच्छाशक्ति से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
