अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय, 21 जून को प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम

नई टिहरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 को लेकर टिहरी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और कार्यक्रम को भव्य व सफल बनाने के लिए निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुभाष कुमार ने जानकारी दी कि 21 जून को योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय पर प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए डॉ. सत्यवीर सिंह रावत और डॉ. सिद्धी मिश्रा को समन्वयक नियुक्त किया गया है, जो सभी तैयारियों की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योग दिवस से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। इनमें योगा मैट, टी-शर्ट, बैनर, पोस्टर, साफ-सफाई, मंच व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी इस अवसर पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि जागरूकता अभियान के तहत अपनी वाहनों के माध्यम से श्रव्य संदेश प्रसारित करें, ताकि अधिक से अधिक आमजन योग दिवस में भाग लेने के लिए प्रेरित हो सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। ऐसे आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की इस तैयारी बैठक से यह स्पष्ट है कि जिला प्रशासन इस बार योग दिवस को अधिक जनसहभागिता और प्रभावशीलता के साथ मनाने को लेकर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *