अचानक बदला मौसम, चारधाम यात्रा के बीच दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान सोमवार शाम रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिसके चलते दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। गनीमत रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित रहे।

जानकारी के मुताबिक एक हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा देहरादून से फाटा के लिए उड़ान पर था। इसी बीच गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक घने बादल छा गए और विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। खराब मौसम को देखते हुए दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स ग्राउंड में सुरक्षित लैंडिंग कराई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट सहित कुल 10 लोग सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

करीब कुछ देर बाद मौसम सामान्य होने पर दोनों हेलीकॉप्टरों ने दोबारा अपनी उड़ान शुरू कर दी। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में तेजी से बदलते मौसम और चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की अहमियत को सामने ला दिया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलीकॉप्टरों की एहतियातन लैंडिंग कराई गई थी। मौसम साफ होते ही दोनों हेलीकॉप्टर सुरक्षित रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *