उत्तरकाशी | मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। उत्तरकाशी जनपद समेत पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। गंगोत्री, यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फ गिर रही है, जबकि निचले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों तक उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में 3 फरवरी तक येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, सर्दी की वापसी
राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं (30–40 किमी/घंटा), गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम खराब रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और दिन में भी सर्दी का असर बढ़ गया है।
ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी
यमुनोत्री, गंगोत्री, हर्षिल, मुखबा, सुखी टॉप और राड़ी टॉप सहित कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। वहीं, बारिश और ओलों के कारण मैदानी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम के बदले मिजाज से किसानों, बागवानों, पर्यटकों और शीतकालीन तीर्थयात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
