पौड़ी में होगा विकसित भारत जी राम जी जिला स्तरीय सम्मेलन 

श्रीनगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत जी राम जी की जिला स्तरीय कार्यशाला शनिवार को श्रीनगर स्थित आदिती पैलेस में संपन्न हुई। कार्यशाला में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने बताया कि आगामी 25 जनवरी को पौड़ी में विकसित भारत जी राम जी जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
जिसमें जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जिले एवं विकासखंडों के जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। बताया कि 27 जनवरी से 10 फरवरी तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। रावत ने विकसित भारत जी राम जी की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अधिनियम ग्रामीण आत्मनिर्भरता, रोजगार एवं आजीविका को सशक्त करता है और प्रत्येक गरीब को सम्मान के साथ रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य करता है।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मनरेगा समाप्त नहीं हुई है, बल्कि इसे और अधिक सुव्यवस्थित व प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के अंतर्गत उन्नत रोजगार की गारंटी दी गई है, जिसमें 15 दिन तक कार्य न मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान है। रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है।
भट्ट ने बताया कि अधिनियम के तहत स्थायी एवं उत्पादक ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह योजना ग्रामीण विकास, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और आजीविका को एकीकृत दृष्टिकोण से आगे बढ़ाती है। मुख्य कृषि सीजन के दौरान कृषि श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारें अधिकतम 60 दिनों तक कार्य रोकने की सूचना दे सकेंगी, जिससे लेबर कॉस्ट में अनावश्यक वृद्धि रुकेगी और खाद्य उत्पादन लागत नियंत्रित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *