Dehradun: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बीच ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की सुरक्षित वापसी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक, ट्रैकर और पोर्टर को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान में जुटी टीमों को प्रभावित लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
पर्यटकों को मिलेगी चिकित्सा और भोजन की सुविधा
सीएम धामी ने कहा कि बचाव अभियान के दौरान प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही भोजन, गर्म कपड़े और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी पर्याप्त प्रबंध किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। संकट की स्थिति में प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।
बारिश से हुए नुकसान पर भी सीएम ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में बारिश से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बारिश और भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




