देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकारों और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई। सूचना निदेशालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और आर्थिक सहायता से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई।

बैठक में समिति ने चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की संस्तुति भी की गई।
चार वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये मासिक पेंशन की संस्तुति
मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत बैठक में चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 8,000 रुपये की दर से पेंशन दिए जाने की संस्तुति की गई। इस योजना का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है।
पत्रकार कल्याण कोष के तहत दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को सहायता और गंभीर बीमारी से जूझ रहे पत्रकारों के उपचार के लिए आर्थिक सहयोग देने से संबंधित मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार: बंशीधर तिवारी
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाता है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सूचना विभाग के अधिकारी और समिति के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित प्रकरणों पर विचार करते हुए पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए संस्तुतियां की गईं।
