देहरादून: यूपीईएस (यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज) ने ‘यूनिवर्सिटी फॉर टुमॉरो’ विजन को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को ‘अस्पायर इम्पैक्ट’ की ओर से प्रतिष्ठित ‘गोल्ड लीफ’ प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही देहरादून परिसर में बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग (BEST) सेंटर का भी शुभारंभ किया गया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने इम्पैक्ट असेसमेंट रिपोर्ट 2024-25 और ग्रीनहाउस गैस (GHG) उत्सर्जन रिपोर्ट जारी की। इस उपलब्धि के साथ यूपीईएस देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है, जिसने स्कोप 1, 2 और 3 उत्सर्जनों को शामिल करते हुए पूर्ण इम्पैक्ट असेसमेंट और जीएचजी अकाउंटिंग पूरी की है।
असेसमेंट में विश्वविद्यालय को इनक्लूजन और एमिशन मैनेजमेंट के क्षेत्र में प्लेटिनम स्तर का प्रदर्शन मिला है। यह मूल्यांकन ‘अस्पायर इम्पैक्ट’ के 4पी फ्रेमवर्क—प्रोडक्ट, पीपल, प्लैनेट और पॉलिसी—पर आधारित है, जो क्यूएस और एनएएसी मानकों के अनुरूप है। विश्वविद्यालय ने वर्ष 2031 तक नेट जीरो लक्ष्य हासिल करने की दिशा में अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को अब केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान ‘नए भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय ने बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर (BEST) का भी उद्घाटन किया। यह केंद्र मेकाट्रॉनिक्स, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, मोशन कंट्रोल और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
वाइस चांसलर डॉ. सुनील राय ने कहा कि विश्वविद्यालय हर स्तर पर प्रभाव को मापने और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। BEST सेंटर इंजीनियरिंग शिक्षा को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में बजाज ऑटो लिमिटेड के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेस ऑफिसर रवि किरण रामासामी ने भी छात्रों को उद्योग के अनुरूप कौशल विकसित करने पर जोर दिया।
इस मौके पर डॉ. शरद मेहता, प्रेसिडेंट यूपीईएस डॉ. राम शर्मा, रजिस्ट्रार मनीष मदान व डॉ. सचिन शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
