जनता दर्शन में 212 से अधिक शिकायतें, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आज 212 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अपनी कोर टीम के साथ आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग ने अपने लापता पुत्र और आर्थिक तंगी की समस्या रखते हुए पानी के ₹31,657 के बिल में राहत की मांग की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने ₹11,487 ब्याज राशि को वन टाइम सेटलमेंट के तहत माफ करते हुए शेष ₹20,170 की धनराशि रायफल फंड से जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की।

वहीं विकासनगर निवासी मीना बंसल ने अपने पुत्र की वर्ष 2023 में एक होटल दुर्घटना में मृत्यु के बाद कंपनी द्वारा मुआवजा न दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को एफआईआर दर्ज कराने और लेबर कोर्ट में मामला प्रस्तुत कर दो माह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग दंपति नीलम अरोड़ा एवं उनके पति ने अपनी पुत्रवधु पर मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने इस मामले में एसडीएम कोर्ट ऋषिकेश में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।

धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण बेटियों की शिक्षा में आ रही कठिनाइयों को लेकर गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने उनकी दोनों पुत्रियों को ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।

हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि उनकी भूमि से लगी सरकारी नहर को कुछ लोगों ने बंद कर दिया है, जिससे फसल को पानी नहीं मिल पा रहा और भारी नुकसान हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *