ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर सख्त हुए पर्यटन मंत्री

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को तुरंत आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ट्रांजिट कैंप में मौजूद यात्री विश्राम स्थलों का भी निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। ऐसे में प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी रखनी होगी। उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के लिए भोजन, आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, इसलिए यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और प्लास्टिक व कचरा न फैलाएं। उन्होंने यह भी सलाह दी कि यात्री ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से पहले हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग और जोशीमठ जैसे स्थानों पर एक दिन रुककर शरीर को अनुकूलित करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण के यात्रा न करें और अपने साथ QR कोड पास व आधार कार्ड अवश्य रखें। मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा सभी की साझा जिम्मेदारी है—जहां श्रद्धालु नियमों का पालन करें, वहीं प्रशासन और सेवा से जुड़े लोग यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *