हिंदू समाज को जागृत करने और “पंच परिवर्तन” का संदेश देने जुटेंगे हजारों लोग, पूर्व विधायक विजय पंवार और संघ पदाधिकारियों ने सौंपी जिम्मेदारियां

नई टिहरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपनी स्थापना के 100 स्वर्णिम वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में शताब्दी समारोह मना रहा है। इसी ऐतिहासिक कड़ी में प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के मदननेगी में आगामी 8 फरवरी को एक भव्य “विराट हिंदू सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को इस महाआयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम स्थल पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। आयोजन समिति और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने क्षेत्र के आराध्य देव मदननेगी और क्षेत्रपाल देवता की पूजा-अर्चना कर सम्मेलन के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। इसके साथ ही कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

रविवार को मदननेगी देवता हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में आरएसएस के विभाग प्रचारक अजय, जिला प्रचारक दीपक, प्रतापनगर के पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, जाखणीधार के ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, पूर्व राज्यमंत्री प्रेम दत्त जुयाल और सहकार भारती की प्रदेश मंत्री अवंतिका भंडारी ने मुख्य रूप से भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के पश्चात मदननेगी स्थल पर धर्म ध्वजा फहराई गई। वक्ताओं ने कहा कि संघ का यह शताब्दी वर्ष हिंदू समाज के लिए गौरव का क्षण है। 8 फरवरी को होने वाले इस विराट सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज में नवचेतना और जागृति का संचार करना है। साथ ही, समाज को संघ के “पंच परिवर्तन” (सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य) के संकल्पों से अवगत कराना है।

बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक यज्ञ है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर संपर्क करें और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *