टिहरी में लोकतंत्र के उत्सव की धूम, डीएम नितिका खंडेलवाल ने दिलाई निष्पक्ष मतदान की शपथ

नई टिहरी। “वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम” की ओजस्वी थीम के साथ जनपद टिहरी गढ़वाल में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह, अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्भीक और निष्पक्ष होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय अथवा भाषा से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट के महत्व को रेखांकित किया।

समारोह के दौरान लोकतंत्र की नई पीढ़ी और अनुभवी बुजुर्गों का अनूठा संगम देखने को मिला। जिलाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नव पंजीकृत युवा मतदाताओं माधुरी और दिव्यम नेगी को हाथों-हाथ वोटर आईडी कार्ड सौंपकर उनका स्वागत किया। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की वरिष्ठ मतदाता ऐला देवी, जिला मतदाता आइकॉन वीरेंद्र राजपूत और दिव्यांग मतदाता आइकॉन रोशन लाल को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले 10 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित निबंध, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी इस मंच से पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *