टिहरी गढ़वाल। विकासखंड थौलधार की जुवा पट्टी में आयोजित सम्मान समारोह में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने 27 गांवों की स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया। रविवार को बौंर गांव के खेतूधार प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि महिलाएं हमारे समाज की मजबूत रीढ़ हैं। मातृशक्ति के बिना परिवार, समाज और देश का विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने महिलाओं से समूहों को और मजबूत बनाने और अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया। सम्मान पाने के बाद महिलाओं ने विधायक का आभार व्यक्त किया।
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, थौलधार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिजेंद्र रावत, प्रदेश सचिव नरेंद्र राणा, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिजला देवी सहित कई ग्राम प्रधान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
