Your Website Description

टिहरी में 22 नवंबर को चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 46,953 बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

नई टिहरी। जनपद टिहरी में आगामी 22 नवंबर को उपराष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 46,953 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में कुल 523 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें पर्वतीय क्षेत्र में 473 और ढालवाला क्षेत्र में 50 बूथ शामिल हैं। बूथों पर 105 सुपरवाइजर और 1,992 कार्मिकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा घर-घर भ्रमण के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 946 तथा ढालवाला क्षेत्र में 17 टीमें गठित की गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में 23 और 24 नवंबर तथा ढालवाला क्षेत्र में 29 नवंबर तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए लक्षित बच्चों का सर्वेक्षण, बूथों पर पर्याप्त वैक्सीन की उपलब्धता और कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों के साथ ही प्रवासी परिवारों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों तक भी अभियान की पहुंच बनाने के निर्देश दिए।

एनक्यूएएस मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

बैठक में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई कमियों पर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसीएमओ एनएचएम डॉ. निधि रावत, सीएमएस नरेंद्रनगर डॉ. अमित राय, डीपीआरओ एम.एम. खान, डीपीओ संजय गौरव सहित विभिन्न चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *