चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी। टिहरी झील की लहरों पर अब साहसिक पर्यटन की नई संभावनाएं आकार लेने लगी हैं। करीब 42 किलोमीटर लंबी विशाल टिहरी झील को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग की ओर से दो दिवसीय पैरासेलिंग प्रशिक्षण एवं जलक्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं एवं युवतियों को पैरासेलिंग सहित विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर युवाओं ने विभिन्न साहसिक जलक्रीड़ा गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को साहसिक पर्यटन से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल ने कहा कि टिहरी झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पैरासेलिंग और जलक्रीड़ा जैसी गतिविधियां झील को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल सकती हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत ने कहा कि टिहरी बांध निर्माण के चलते क्षेत्र के हजारों परिवारों को विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा है। ऐसे में टिहरी झील की पर्यटन संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
जिला पर्यटन अधिकारी खुशहाल सिंह नेगी ने बताया कि पर्यटन विभाग का प्रयास टिहरी झील को वाटर स्पोर्ट्स एवं साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर पर्यटन व्यवसाय से जोड़ने की पहल की जा रही है।
झील की लहरों में छिपी है रोजगार की नई राह
विशाल जलराशि और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर टिहरी झील साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बना सकती है। पैरासेलिंग, वाटर स्पोर्ट्स एवं अन्य साहसिक गतिविधियों का विस्तार होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित व्यवसाय शुरू करने और स्वरोजगार अपनाने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा एवं युवतियां मौजूद रहे।
