यूट्यूब पर तंत्र-मंत्र का झांसा, 4.60 लाख की ठगी; 12 घंटे में पूरा गिरोह गिरफ्तार

 

हरिद्वार। तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का श्यामपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के दो पुरुष और एक महिला सदस्य को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹4.55 लाख नकद, एक फोर्ड एंडेवर कार, एक आईफोन 17 प्रो मैक्स तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

 

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास स्थित मन्नत ढाबा के निकट हरियाणा निवासी विनोद कुमार से विशेष पूजा कराने के नाम पर ₹4.60 लाख की ठगी कर आरोपी फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

 

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के आधार पर चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यूट्यूब चैनल के जरिए बिछाते थे जाल

 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘AGHORA’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद विशेष पूजा और अनुष्ठान का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करते थे।

 

पीड़ित विनोद कुमार को भी चंडी देवी मंदिर के पास विशेष अनुष्ठान कराने के लिए बुलाया गया। आरोपियों ने नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखने के लिए कहा और मौका मिलते ही रुपये लेकर फरार हो गए।

 

तीन आरोपी गिरफ्तार

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ राकेश शर्मा, मोन्टी जोशी और अर्चना रावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार और फर्जी तांत्रिकों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार का धन या कीमती सामान न सौंपें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *